लखीसराय पुलिस बल को मिले 169 नए सिपाही, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
- Post By Admin on Jul 01 2025

लखीसराय : जिले की कानून-व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को एक अहम पहल हुई, जब लखीसराय पुलिस लाइन परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में 169 नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सभी नवप्रवेशी जवानों को सेवा, कर्तव्य और अनुशासन का संकल्प दिलाते हुए उन्हें पुलिस बल का अभिन्न हिस्सा बनाया।
इस अवसर पर 90 पुरुष और 79 महिला सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। एसपी अजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नवनियुक्त सिपाहियों से जिले में पुलिस व्यवस्था को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी से जनता के प्रति संवेदनशीलता, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
समारोह में एसपी ने शराबबंदी जैसे राज्य सरकार के प्राथमिकता वाले अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने की सख्त हिदायत दी और सभी सिपाहियों को इसके लिए शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि एक आदर्श पुलिसकर्मी वही होता है जो पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनता के विश्वास को कायम रखते हुए कार्य करे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ नवचयनित सिपाहियों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। परिजनों के चेहरों पर गर्व और उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। पूरे आयोजन में अनुशासन और आत्मविश्वास की झलक दिखाई दी।
लखीसराय पुलिस बल में इन नए जवानों के जुड़ने से जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, इसे युवाओं को प्रेरित करने वाला क्षण भी माना जा रहा है।