लखीसराय में 21 सितंबर को लगेगा रोजगार कैंप, आईटीआई पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

  • Post By Admin on Sep 11 2026
लखीसराय में 21 सितंबर को लगेगा रोजगार कैंप, आईटीआई पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

लखीसराय : बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, लखीसराय द्वारा आगामी 21 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार कैंप-सह-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती शिविर विद्यापीठ चौक रोड, सलोना चक स्थित राजकीय आईटीआई लखीसराय के प्रांगण में पूर्वाहन 11:00 बजे से आयोजित होगा।

इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी डीएसईटीएस प्राइवेट लिमिटेड (DSETS PVT. LTD.) द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इस शिविर के माध्यम से असेंबली एसोसिएट पद के लिए कुल 40 रिक्तियों पर केवल पुरुष अभ्यर्थियों का चयन किया जाना है, जिसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आईटीआई उत्तीर्ण रखी गई है।

कार्यस्थल और पदों के विवरण के अनुसार, बेंगलुरु कार्यस्थल के लिए 20 रिक्त पदों पर 18 से 28 वर्ष के युवाओं का चयन होगा, जिन्हें 19,600 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। वहीं गुजरात कार्यस्थल के लिए 20 पदों पर 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिनका मासिक वेतन 19,000 रुपए निर्धारित किया गया है।

जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा इस शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को विज्ञप्ति जारी की गई है, ताकि जिले के अधिक से अधिक इच्छुक युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।