शैक्षिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित हुआ ट्यूनिंग ऑफ स्कूल कार्यक्रम
- Post By Admin on Mar 30 2026
लखीसराय : “ट्यूनिंग ऑफ स्कूल” कार्यक्रम के तहत पी.एम. श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, खुटहा में दो विद्यालयों के बीच शैक्षिक सहयोग और अनुभव साझा करने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरीय शिक्षक डॉ. मनोज कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि इसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी भागीरथ झा ने की।
कार्यक्रम में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर (पिपरिया प्रखंड) की प्रधानाध्यापिका निर्मला कुमारी के नेतृत्व में शिक्षकों और लगभग 30 छात्र-छात्राओं की टीम पूर्वाह्न लगभग साढ़े ग्यारह बजे पी.एम. श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खुटहा पहुंची। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत और स्वागत उद्बोधन के साथ हुई। इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के बीच शैक्षिक सहयोग, संवाद और शिक्षण अनुभवों का आदान-प्रदान किया गया।
छात्रों ने एक-दूसरे के विद्यालयों की श्रेष्ठ शैक्षणिक पद्धतियों को समझा और जाना। आगंतुक विद्यार्थियों ने विद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक और भौतिक संसाधनों जैसे पुस्तकालय, प्रयोगशाला, सूचना प्रौद्योगिकी कक्ष, प्रधानाचार्य कक्ष, शिक्षक कक्ष, कक्षाएं, खेल मैदान तथा विद्यालय परिसर का अवलोकन किया। साथ ही विद्यालय में चल रहे पौधरोपण कार्यक्रम और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों की भी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच संवाद, भाषण, अंताक्षरी, कविता पाठ तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों में सहयोग, आत्मीयता और सीखने की जिज्ञासा स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
इस अवसर पर उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर के शिक्षक राजीव कुमार, भारत कुमार तथा ज्योति कुमारी उपस्थित रहे। वहीं पी.एम. श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खुटहा के शिक्षक जुगनु कुमार, नदीम अहमद, प्रशांत कुमार सिन्हा, सुनील कुमार चौधरी, बिंदेश कुमार, तन कुमार, बुलबुल कुमार, शैलेश कुमार, विनोद कुमार, विकास कुमार, खुशबू कुमारी, कुमारी ज्योति, कार्यालय सहायक सत्यनारायण कुमार, मौसम कुमार, कृष्णदेव मांझी तथा रात्रि प्रहरी पप्पू कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान लखीसराय वन विभाग से फॉरेस्टर कमल कुमार और उनके सहयोगी वनरक्षी भी उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
पूरा कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में विद्यालय की छात्रा रानी कुमारी ने विदाई गीत प्रस्तुत किया, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।