शराब तस्करों पर लखीसराय पुलिस का शिकंजा, भारी खेप के साथ एक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 20 2026
शराब तस्करों पर लखीसराय पुलिस का शिकंजा, भारी खेप के साथ एक गिरफ्तार

लखीसराय : बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम को सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद पुलिस ने 19 अक्टूबर को दो अलग-अलग स्थानों पर सघन छापेमारी कर कुल 395.28 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस कार्रवाई के दौरान अंतरराज्यीय शराब तस्करी में संलिप्त एक तस्कर को एक चार पहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहा।

जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, पहली कार्रवाई सूर्यगढ़ा बाजार स्थित बड़की दुर्गा स्थान के समीप मुख्य सड़क पर की गई। यहाँ से पुलिस ने बिक्री के लिए ले जाई जा रही 362.880 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए एक चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया। साथ ही मौके से हरियाणा के जींद जिला अंतर्गत हैबतपुर निवासी सावन, पिता: रविन्द्र को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा पासी टोला l, वार्ड संख्या-04 में की गई। यहाँ पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई 32.400 लीटर विदेशी शराब जब्त की। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही मुख्य धंधेबाज प्रेम कुमार, पिता: पंचानन्द यादव, निवासी: सूर्यपुरा पासी टोला मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।