रावण दहन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम: लखीसराय में QRT समेत 3 विशेष अग्निशमन टीमें प्रतिनियुक्त

  • Post By Admin on Oct 20 2026
रावण दहन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम: लखीसराय में QRT समेत 3 विशेष अग्निशमन टीमें प्रतिनियुक्त

लखीसराय : दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर जिले के पीरीबाजार और सूर्यगढ़ा में आयोजित होने वाले भव्य रावण दहन कार्यक्रम को लेकर अग्निशमन विभाग ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। समाहरणालय लखीसराय (जिला गोपनीय शाखा) के ज्ञापांक 4047 के आलोक में वरीय जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए कार्यक्रम स्थलों पर अग्निशमन वाहनों, पदाधिकारियों और कर्मियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की है।

20 अक्टूबर को पीरीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएम श्री 10+2 घौसेठ उच्च विद्यालय के खेल मैदान में शाम 5:30 बजे से रात 10:00 बजे तक तथा सूर्यगढ़ा के पटेलपुर, पुलघाट पर शाम 5:00 बजे से 6:00 बजे तक रावण दहन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में जनसमूह जुटने की संभावना को देखते हुए दोपहर 2:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक आपातकालीन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तीन अलग-अलग अग्निशमन इकाइयों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संपूर्ण व्यवस्था की कमान अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुश्री विनिता लता को सौंपी गई है, जो विशेष त्वरित कार्य बल (QRT) दल और वाहन (BR 53G-2807) के साथ तैनात रहेंगी। उनके दल में सब-ऑफिसर रंजीत कुमार, प्रधान अग्निक विकाश कुमार और प्रधान चालक ब्रजेश कुमार यादव शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, पीरीबाजार थाना क्षेत्र के लिए वाहन संख्या BR 53G-2806 पर प्रधान अग्निक दिनेश पासवान, प्रधान चालक मुकेश कुमार और अग्निक चाँदनी कुमारी को तैनात किया गया है। वहीं सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के लिए वाहन संख्या BR 53A-8890 के साथ प्रधान अग्निक आशीष भारती, अग्निक चालक सुनील कुमार और अग्निक आरती कुमारी की तैनाती की गई है। अग्निशमन विभाग ने सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को समय से पूर्व अपने कार्यस्थल पर पहुंचकर सतर्कता बरतने और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित रखने का सख्त निर्देश दिया है।