विजयादशमी पर महादेव के दरबार पहुंचे विजय सिन्हा, बिहार की खुशहाली की मांगी दुआ
- Post By Admin on Oct 20 2026
लखीसराय : विजयादशमी के पावन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा लखीसराय स्थित ऐतिहासिक श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोकधाम) पहुंचे, जहां उन्होंने देवाधिदेव महादेव की विधिवत आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने पूरे बिहार और मां भारती की सभी संतानों के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं सामाजिक सौहार्द की कामना की।
उन्होंने कहा कि नवमी की सुबह 9 बजे से पूर्व विधि-विधान से हवन संपन्न हुआ और इसके बाद विजयादशमी के शुभ दिन पर वे भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने अशोकधाम आए हैं। सनातन संस्कृति और संस्कारों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि विजयादशमी के दिन से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी द्वार खुलते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ेगा तथा अपने खोए हुए गौरवशाली इतिहास के पुनर्जागरण की दिशा में अग्रसर होगा।
राजनीतिक मर्यादा और पक्ष-विपक्ष के संदर्भ में बोलते हुए विजय सिन्हा ने स्पष्ट किया कि सनातन संस्कृति के मूल संस्कारों में पक्ष और विपक्ष का कोई भेद नहीं होता। वे स्वयं एक शिक्षक के पुत्र हैं, इसलिए अपनी मर्यादा और पारिवारिक संस्कारों के अनुरूप सभी के कल्याण की मंगलकामना करते हैं। उन्होंने नवरात्र और विजयादशमी के इस पावन पर्व को हर बिहारी के जीवन में खुशहाली लाने और समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करने वाला बताया।