पिठोरिया और लोअर बाजार थाना क्षेत्र में कुख्यात अपराधियों का आतंक, 12 घंटे में दो बड़े हमले

  • Post By Admin on Nov 22 2024
पिठोरिया और लोअर बाजार थाना क्षेत्र में कुख्यात अपराधियों का आतंक, 12 घंटे में दो बड़े हमले

रांची : पिठोरिया और लोअर बाजार थाना क्षेत्रों में अपराधियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कुख्यात अपराधी सुजाउद्दीन अंसारी, उसका भांजा छोटू और उनके गुर्गों ने 12 घंटे के भीतर दो गंभीर हमले किए, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। पहला हमला बुधवार को दिन के लगभग 12 बजे पिठोरिया थाना क्षेत्र के कोकदोरो गांव में हुआ। यहां सुजाउद्दीन और उसके साथियों ने आजाद नामक युवक पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल आजाद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि आजाद पर पहले भी इस गिरोह ने हमला किया था।

जानकारी के अनुसार जाउद्दीन और छोटू अदालत से जमानत खारिज होने के बाद से लगातार हिंसक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। दोनों कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं।

दूसरा हमला लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कर्बला चौक पर देर रात को हुआ। अपराधियों ने आजाद के वकील पर हमला किया जिसमें उनकी जान को गंभीर खतरा हुआ। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस इन कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में असमर्थ साबित हो रही है। इस बढ़ते अपराध ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, अपराधियों के बढ़ते हौसले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।