सौतेली बेटियों ने मां को ईंट से कुचलकर मार डाला, हत्या की गुत्थी 48 घंटे में सुलझाई गई
- Post By Admin on Sep 28 2024

सारण : बिहार के सारण जिले में खैरा थाना क्षेत्र के रामनगर चौखरा से एक चौका देने वाला मामला सामने आया है। यहां की दो सौतेली बेटियों ने अपनी मां, पिंकी देवी की ईंट और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने वाली दोनों बेटियों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पिंकी देवी की हत्या के बाद उनका शव खैरा-मढ़ौरा रोड किनारे एक सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया था। शव की पहचान होने के बाद पता चला कि पिंकी देवी की यह दूसरी शादी थी। उनकी पहली शादी से दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि दूसरी शादी उमेश सिंह से हुई थी, जिसके चार बेटियां और एक बेटा हैं। पिंकी देवी की सौतेली बेटियों के साथ अक्सर विवाद होते रहते थे।
हत्याकांड का खुलासा :
इस मामले की तहकीकात के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सूचना मिली, जब 25 सितंबर की रात पुलिस अधीक्षक के सरकारी मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम पिंकी देवी बताया और कहा कि उसकी हत्या की जा रही है। इसके लिए मेरे पति और पुत्र जिम्मेदार होंगे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से हत्या के संबंध में जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान दोनों सौतेली बेटियों ने बताया कि परिवार में विवाद के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। हत्या में प्रयुक्त खून से सने ईंट और रक्त रंजित कपड़ों को भी बरामद कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान :
पुलिस ने इस मामले में निशा कुमारी और उसकी छोटी बहन को गिरफ्तार किया है। निशा बालिग है जबकि उसकी बहन नाबालिग है। हत्या के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी कर ली हैं। अब एक आरोपी को जेल भेजा जाएगा जबकि नाबालिग को महिला सुधार गृह भेजा जाएगा।
पुलिस का बयान :
सारण जिले के एसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि घटना की जांच तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक तरीके से की गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एडिशनल एसपी राज किशोर सिंह व अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।