राशन कार्ड में हेराफेरी, असहाय परिवार को नहीं मिल रहा अनाज
- Post By Admin on Aug 27 2024

सूर्यगढ़ा : राज्य सरकार ने हर जरूरतमंद को अनाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़े धूमधाम के साथ राशन कार्ड बांटने का कार्य किया था, लेकिन एक बड़ी गड़बड़ी के कारण कई गरीब और असहाय परिवार राशन से वंचित रह रहे हैं। लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां राशन कार्डधारी चंचल देवी, पति रोहित कुमार, को पिछले तीन वर्षों से राशन नहीं मिल पा रहा है।
चंचल देवी का आरोप है कि उनके राशन कार्ड पर डीलर जोगिंदर साव की मिलीभगत से पप्पू राम नाम का कोई व्यक्ति तीन सालों से अनाज उठा रहा है। इस गड़बड़ी को उजागर करने के लिए चंचल देवी कई बार अधिकारियों के पास गईं, लेकिन उन्हें कोई न्याय नहीं मिला।
चंचल देवी ने बताया कि उनका राशन कार्ड कोरोना काल के दौरान ही बन गया था, लेकिन उसमें उनके नाम की जगह पप्पू राम का नाम लिखा गया है, जबकि राशन कार्ड पर चंचल देवी के परिवार का फोटो और उनका मोबाइल नंबर दर्ज है।
राशन कार्ड में कुल छह सदस्यों के नाम जुड़े हैं, जिनमें से केवल दो नाम चंचल देवी के परिवार के हैं—रोहिणी कुमारी और तान्या कुमारी। बाकी चार नाम पप्पू राम के परिवार के हैं, जिनमें उनके पिता के स्थान पर चंचल देवी के पति का नाम लिखा गया है।
इस हेराफेरी के कारण, चंचल देवी और उनके परिवार को अब तक राशन नहीं मिल पाया है। यह गड़बड़ी प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है, जिससे जरूरतमंद परिवार अनाज से वंचित हो रहे हैं। इस गंभीर मामले पर प्रशासन की चुप्पी और कार्रवाई की कमी से स्थानीय लोगों में भी आक्रोश व्याप्त है।