ताबड़तोड़ छापेमारी से शराब तस्करों में दहशत, लखीसराय में 7 लोगों की गिरफ्तारी

  • Post By Admin on Apr 26 2026
ताबड़तोड़ छापेमारी से शराब तस्करों में दहशत, लखीसराय में 7 लोगों की गिरफ्तारी

लखीसराय : बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के तहत मद्यनिषेध थाना लखीसराय ने शनिवार को जिले के कई स्थानों पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में बीयर बरामद की और शराब पीने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, किऊल स्टेशन से लावारिस हालत में करीब 9 लीटर बीयर बरामद की गई, जबकि अशोक धाम स्टेशन से 63 लीटर बीयर जब्त की गई। दोनों स्थानों पर शराब तस्कर पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सात लोगों को शराब सेवन के आरोप में हिरासत में लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों में सिंगरपुर (किऊल) के टैयाुन कुमार, ढाढीसीर (बन्नूबगीचा) के सुखदेव कोड़ा और लक्ष्मण कोड़ा, संत्तर मोहल्ला (लखीसराय) से संजय शर्मा शामिल हैं। वहीं बड़हिया क्षेत्र से बेगूसराय के बिट्टू कुमार तथा पटना जिले के बाढ़ और मरांची के रहने वाले रामबाबू महतो और गोपाल कुमार को भी पकड़ा गया।

मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।