सदर अस्पताल परिसर में नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म, 4 आरोपी गिरफ्तार
- Post By Admin on Feb 10 2025

रांची : 2 नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना सदर अस्पताल परिसर स्थित डॉक्टर्स-स्टाफ क्वार्टर में बीते शुक्रवार की देर रात की है। लोअर बाजार पुलिस ने 4 नाबालिग आरोपियों पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन में सदर थाना क्षेत्र की 2 लड़कियां शामिल हुई थी, लेकिन लौटने के दौरान 4 नाबालिग लड़कों ने उन्हें बहलाया-फुसलाया। जिसके बाद दोनों लड़कियों को 2 लड़के अपने साथ सदर अस्पताल परिसर में बने डॉक्टर्स-स्टाफ क्वार्टर में खाली पड़े एक कमरे में ले गए। जबकि 2 अन्य नाबालिग लड़के कमरे के बाहर पहरा दे रहे थे। कुछ समय बाद अस्पताल के स्टाफ और सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचे और लड़कों को देखकर पूछताछ की। लड़कों ने बताया कि उनके 2 साथी 2 लड़कियों के साथ कमरे में हैं।
इसके बाद कमरा खुलवाने पर 2 लड़कियों के साथ 2 लड़के मिले। इसकी जानकारी अस्पताल के स्टाफ ने अस्पताल प्रबंधन को दी और साथ ही इसकी सूचना लोअर बाजार थाना को भी दी गयी। पुलिस मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर साथ ले गई और पीड़िता की अस्पताल में चिकित्सकीय जांच भी कराई गई। मामले में लोअर बाजार पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की पूछताछ में पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि उन्हें बहला-फुसलाकर आरोपी सदर अस्पताल परिसर के एक कमरे में ले गये थे और उनके साथ दुष्कर्म किया।