पलामू पुलिस ने डकैती और लूट के गिरोह का भंडाफोड़, चार अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

  • Post By Admin on Dec 09 2024
पलामू पुलिस ने डकैती और लूट के गिरोह का भंडाफोड़, चार अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

पलामू : जिले में नक्सली और गैंगस्टर के गठजोड़ से बने डकैत गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार और लूट का सामान बरामद हुआ है। गिरोह के सदस्य रोड और घरों में डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि 24 अक्टूबर 2024 को पांकी थाना क्षेत्र के गजबोर में एक कारोबारी के घर डकैती हुई थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान सूचना मिली कि आरोपी पांकी थाना क्षेत्र के ढुब में छिपे हुए हैं।

पुलिस ने छापेमारी कर सबसे पहले उपेंद्र कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य आरोपियों सतीश राम, छोटू कुमार सिंह और शत्रुध्न कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया। इनसे एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और लूट का सोने का जेवर बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों में सतीश राम और सतीश चंद्रवंशी गिरोह के मास्टरमाइंड हैं। इन दोनों पर पलामू के विभिन्न थानों में छह मामले दर्ज हैं। सतीश 2011 में पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों में धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू और गुलशन कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं। धर्मेंद्र को लातेहार पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि गुलशन की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े रांची के एक कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है जो लूटे गए जेवर खरीदता था।

छापेमारी अभियान में लेस्लीगंज एसडीपीओ मनोज कुमार झा, इंस्पेक्टर पूनम टोप्पो, पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन और अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।