लखीसराय में मद्य निषेध पुलिस की छापेमारी, 217 लीटर चुलाई शराब के साथ धंधेबाज और पियक्कड़ गिरफ्तार
- Post By Admin on Oct 16 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से मद्य निषेध थाना पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 217 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद करते हुए शराब निर्माण, बिक्री और सेवन के आरोप में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध पुलिस दल ने चानन थाना क्षेत्र के गोबरदाहा कोड़ासी में बड़ी कार्रवाई की, जहां से तीन धंधेबाजों को पकड़ा गया। इनमें पुसो कोड़ा, पिता छोटु कोड़ा के पास से 60 लीटर, महेश कुमार, पिता स्व. प्रमेश्वर कोड़ा के पास से 70 लीटर और शकुन्तला देवी, पति स्व. सूरज कोड़ा के पास से 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई।
इसके अलावा कजरा थाना क्षेत्र के सिमरा अहरा में की गई छापेमारी के दौरान श्री किशुन कोड़ासी निवासी गीता देवी, पिता दिनेश कोड़ा को 24 लीटर चुलाई शराब के साथ दबोचा गया। वहीं रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन्धी मुसहरी वार्ड नंबर 07 में दबिश देकर पुलिस ने रीता देवी उर्फ कुन्ती देवी, पति उमेश मांझी को 3 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। दूसरी ओर, शराब के सेवन के खिलाफ चलाए गए अभियान में लखीसराय थाना क्षेत्र के रामटोला बालूपर निवासी मुन्ना कुमार वर्मा, पिता स्व. सुरेन्द्र प्रसाद वर्मा को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को दूसरी बार शराब के नशे में पकड़ा गया है।
उत्पाद विभाग द्वारा सभी पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।