माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में डांडिया उत्सव की धूम, बच्चों ने जाना मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का महत्व
- Post By Admin on Oct 16 2026
लखीसराय : दुर्गा पूजा की छुट्टियों से पहले माउंट लिटरा ज़ी स्कूल परिसर में भव्य एवं उल्लासपूर्ण डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना था।
समारोह की शुरुआत महिला शिक्षिकाओं द्वारा आयोजित विशेष प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुई। इस दौरान नौ शिक्षिकाओं ने मां दुर्गा के शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री स्वरूपों का सजीव परिचय दिया। शिक्षिकाओं ने प्रत्येक स्वरूप की विशेषताओं और महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को शक्ति, साहस, धैर्य, करुणा और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रार्थना सभा के बाद आकर्षक फूलों और सजावटी सामग्रियों से सुसज्जित स्कूल परिसर में डांडिया उत्सव का रंग जमा। पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने मधुर धुनों और लोकताल पर पूरे उत्साह व उमंग के साथ डांडिया नृत्य किया। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए शिक्षकों ने भी डांडिया थामकर ताल से ताल मिलाई, जिससे पूरा वातावरण उत्सव के रंग में डूब गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के अध्यक्ष संजीव कुमार स्नेही ने दुर्गा पूजा के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहलुओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में नारी शक्ति का आदर करने की सीख देती है।रंग-बिरंगी पोशाकों, डांडिया की खनक और भक्ति गीतों से गूंजते परिसर में बच्चों ने अनुशासन, एकता और सहयोग की भावना का परिचय देते हुए हर्षोल्लास के साथ पूजा की छुट्टियों का स्वागत किया।