लखीसराय में महिला तस्कर समेत चार धराए, 35 लीटर शराब और बाइक जब्त
- Post By Admin on Oct 15 2026
लखीसराय : जिले में शराब के अवैध कारोबार और सेवन पर नकेल कसने के लिए मद्य निषेध थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग इलाकों से कुल 35 लीटर देसी चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई, साथ ही एक महिला समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लिया गया।
अभियान के पहले चरण में पुलिस बल ने बन्नुबगीचा थाना क्षेत्र के गोहड़ी कमियापुर में दबिश दी। वहां से शराब बेचने के आरोप में स्थानीय निवासी स्वर्गीय सुरेश बिन्द की पत्नी अकली देवी को पकड़ा गया, जिसके पास से 20 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई।
इसके बाद मद्य निषेध पुलिस ने लखीसराय थाना अंतर्गत विद्यापीठ चौक पर घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया। इस दौरान किउल थाना क्षेत्र के तिलकपुर वार्ड संख्या 11 निवासी कटिमन मंडल के पुत्र राकेश कुमार तथा बसमतिया वार्ड संख्या 12 निवासी छोटेलाल यादव के पुत्र चन्द्रशेखर कुमार को शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के पास से 15 लीटर चुलाई शराब और धंधे में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इसी स्थान से शराब पीने के आरोप में किउल थाना क्षेत्र के सिंहचक वार्ड संख्या 10 निवासी स्वर्गीय उपेन्द्र बिन्द के पुत्र धीरज कुमार को भी पकड़ा गया। मद्यनिषेध थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।