उदयपुर में विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपी की तलाश में पुलिस

  • Post By Admin on Jun 24 2025
उदयपुर में विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपी की तलाश में पुलिस

उदयपुर : राजस्थान के पर्यटन नगरी उदयपुर से एक विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक स्थानीय युवक ने फ्रांस की युवती को पार्टी के बहाने अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना बड़गांव थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उदयपुर के एसपी योगेश गोयल के मुताबिक, यह घटना टाइगर हिल्स स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित एक पार्टी के बाद हुई, जहां कुछ फ्रेंच नागरिक, जिनमें महिलाएं भी थीं, शामिल हुए थे। ये सभी इवेंट्स से जुड़े कार्यों के सिलसिले में उदयपुर आए थे। मंगलवार देर रात तक पार्टी में खाने-पीने का दौर चलता रहा।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि पार्टी के बाद वह सिद्धार्थ नामक युवक के साथ उसके निवास पर गई, जहां आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और पीड़िता कब से संपर्क में थे, और क्या यह घटना पूर्व नियोजित थी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

इस घटना ने उदयपुर जैसे पर्यटन शहर में महिला पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।