कांके में केंद्रीय विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ छेड़खानी, आरोपी फरार
- Post By Admin on Dec 09 2024

रांची : कांके स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में शनिवार को एक छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोपी छात्र कोरियन डिपार्टमेंट का विद्यार्थी है। उसने छात्रा से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उसका मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को धमकी देते हुए कहा कि अगली बार वह उसे कार में उठाकर ले जाएगा।
छेड़खानी की घटना के बाद छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से कार्रवाई की मांग की, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया जिससे आक्रोशित विद्यार्थियों ने कैंपस में नारेबाजी की। इसके बाद छात्रा ने कांके थाना में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आरोपी छात्र के बारे में जानकारी मिल रही है कि वह बिहार के एक दबंग सांसद का भतीजा बताता है और अपने आप को खौफनाक दबंग मानता है। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने इससे पहले भी एक अन्य छात्रा के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और कांके थाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।