लॉरेंस बिश्नोई पर 1.11 करोड़ का इनाम रखने पर भड़की शीला शेखावत, दिया करारा जबाब 

  • Post By Admin on Oct 23 2024
लॉरेंस बिश्नोई पर 1.11 करोड़ का इनाम रखने पर भड़की शीला शेखावत, दिया करारा जबाब 

जयपुर : बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आये गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एनकाउंटर पर 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार 111 रुपए का इनाम रखने वाले क्षत्रिय करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत को मुँहतोड़ जवाब मिल गया है। 

राज शेखावत को यह जवाब सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत ने दिया है जिनकी हत्या का बदला लेने के लिए उसने लॉरेंस के एनकाउंटर की मांग की और इनाम की घोषणा भी की। 

शीला ने कहा है कि यह महज सस्ती लोकप्रियता के लिए दिया गया बयान है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ क्या 50 करोड़ देने पर भी उसका एनकाउंटर नहीं हो सकता है, क्योंकि वह पुलिस की गिरफ्त में है और प्रशासन ऐसा नहीं कर सकता है।

शीला ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि, 'यदि पुलिस कस्टडी में वह आदमी है तो उसे मारा नहीं जा सकता है। पुलिस ने खुद उसे जेड प्लस सिक्यॉरिटी दे रखी है तो उसको कैसे मार सकती है। यदि वह फरार होता तो पुलिस पकड़ने के बाद रास्ते में एनकाउंटर हो सकता था। लेकिन वह प्रशासन की गिरफ्त में है और खुद उसकी सुरक्षा कर रहा है तो कैसे उसे मारा जाएगा। 

शीला ने आगे कहा कि,  यह बयान सही नहीं है और लोकप्रियता हासिल करने के लिए दिया गया है। उन्होंने बताया कि, शेखवात से कोई संपर्क नहीं है। शीला ने सवाल उठाया कि यदि राज शेखावत सुखदेव गोगामेड़ी को न्याय दिलाना है तो तब क्यों नहीं आए जब उन्होंने 3 मार्च को न्याय यात्रा निकाली थी। तब मेरे साथ आकर क्यों नहीं खड़े हुए।

उन्होंने आगे कहा कि, हम अभी भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ऐसी बाते करके लोग हमें न्याय के रास्ते से भटकाना चाहते हैं। हमारा मकसद सिर्फ सुखदेव सिंह गोगामड़ी को न्याय दिलाना है। इसके लिए हम पहले भी सड़कों पर आए थे और आगे भी सड़कों पर आने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि ये बयानबाजी सिर्फ जनता को भ्रमित करने के लिए की गई है और सस्ती लोकप्रियता के लिए है।

शीला ने कहा कि, कौन सा न्याय है और कैसा न्याय है। आपको पता है कि प्रशासन कभी इस बात के लिए सहमत नहीं होगा। एक करोड़ क्या 50 करोड़ दे दो। यह हमारे संविधान में नहीं है। ऐसा एनकाउंटर पुलिस नहीं कर सकती, भले ही आप 100 करोड़ दे दो। 

आपको बता दे कि, राजस्थान के जयपुर में पिछले साल श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी।

हाल ही में राज शेखावत ने कहा कि गोगामेड़ी की हत्या की वजह से वह लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो पुलिसकर्मी लॉरेंस का एनकाउंटर कर देगा उसे क्षत्रिय करणी सेना की ओर से 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार 111 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।