माइक्रोसॉफ्ट कर रहा हजारों कर्मचारियों के छंटनी की तैयारी

  • Post By Admin on Jan 18 2023
माइक्रोसॉफ्ट कर रहा हजारों कर्मचारियों के छंटनी की तैयारी

बीते कुछ सालों से आईटी सेक्टर में लगातार कर्माचरियों की नौकरियों जा रही हैं। कुछ महीने पहले भी कई दिग्गज कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की छंटनी की थी। वहीं साल के शुरुआत में ही दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भी अब हजारों कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने का फैसला लिया है। कंपनी ने बताया है कि ये छंटनी इंजीनियरिंग और एचआर डिपार्टमेंट से की जाएंगी। कंपनी अपने 5 फीसदी कर्मचारियों यानी करीब 11,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा सकती है। हालांकि इसको लेकर कंपनी की तरफ से अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

रिपोर्ट्स की मानें तो ग्लोबल स्थितियों को देखते हुए कंपनी कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। कंपनी अपने एचआर डिपार्टमेंट से करीब एक तिहाई लोगों को बाहर कर सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, यह छंटनी पिछले सालों की तुलना में काफी बड़ी हो सकती है। माइक्रोसॉफ्ट में कर्मचारियों के आंकड़ों की बात करें तो 30 जून 2022 तक कंपनी के पास 2,21,000 लोगों की स्ट्रेंथ थी। इसमें से 1,22,000 कर्मचारी अमेरिका में वहीं, 99,000 कर्मचारी अन्य देशों में काम कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछली कई तिमाहियों में पर्सनल कंप्यूटर की सेल में गिरावट देखने को मिली है। इसके साथ ही विंडोज और अन्य डिवाइस की सेल में भी गिरावट आई है, जिसका सीधा असर कंपनी पर देखने को मिला है।

बताते चलें कि माइक्रोसॉफ्ट के अलावा अमेजन, मेटा, ट्विटर समेत कई कंपनियां छंटनी का प्लान बना रही हैं। इसके साथ ही खबर मिली है कि गूगल भी बड़े लेवल पर छंटनी करने का प्लान बना रही है। ग्लोबल मार्केट में चल रही मंदी की वजह से आईटी कंपनियां यह फैसला ले रही हैं।