जियो का नया धमाकेदार ऑफर, ₹1,499 में 4G फोन के साथ 6 महीने की फ्री सेवा
- Post By Admin on Sep 30 2026
मुंबई : जियो ने भारत में अपने 10 साल पूरे होने के मौके पर जियोभारत 4G फीचर फोन के लिए विशेष पेशकश की है। इस ऑफर के तहत ग्राहक ₹1,499 में जियोभारत 4G फोन खरीद सकते हैं और इसके साथ छह महीने के रिचार्ज का लाभ भी मिलेगा। इस अवधि में हर 28 दिन के चक्र पर 14GB डेटा और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा दी जाएगी। कंपनी का यह ऑफर खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जो अभी भी 2G फीचर फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जियो के मुताबिक छह महीने की अवधि में ग्राहकों को कुल 84GB डेटा मिलेगा। आधिकारिक शर्तों के अनुसार प्रत्येक रिचार्ज चक्र 28 दिनों का होगा और इसमें प्रतिदिन 0.50GB हाई-स्पीड डेटा के साथ कुल 14GB डेटा तथा अनलिमिटेड घरेलू वॉयस कॉलिंग शामिल है। इस योजना में 300 एसएमएस का लाभ भी दिया जाएगा। कंपनी ने इस पेशकश को 2G से 4G पर आने वाले ग्राहकों के लिए तैयार किया है। जियो के अनुसार 2G सेवा पर हर महीने होने वाले खर्च को ध्यान में रखा जाए तो छह महीने के रिचार्ज की अनुमानित लागत करीब ₹1,200 बैठती है। ऐसे में ₹1,499 के फोन और छह महीने के कनेक्टिविटी लाभ को मिलाकर 2G से 4G पर जाने की प्रभावी अतिरिक्त लागत करीब ₹299 बताई जा रही है। हालांकि ग्राहक को फोन खरीदते समय ₹1,499 का भुगतान करना होगा।
4G नेटवर्क पर आने के साथ जियोभारत फोन में इंटरनेट और कॉलिंग के अलावा मनोरंजन तथा भुगतान से जुड़ी सुविधाएं भी मिलती हैं। ग्राहक जियो टीवी के जरिए 500 से अधिक टीवी चैनलों का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा जियोहॉटस्टार पर क्रिकेट, फिल्म और अन्य मनोरंजन सामग्री देखने तथा संगीत सेवाओं का इस्तेमाल करने की सुविधा भी उपलब्ध है। जियोपे के माध्यम से यूपीआई भुगतान का विकल्प भी दिया गया है। जियोभारत फोन में 2.4 इंच का डिस्प्ले और 2,000 एमएएच की बैटरी दी गई है। कंपनी की ओर से यह पेशकश सीमित अवधि के लिए रखी गई है। जियो की आधिकारिक शर्तों के अनुसार वर्तमान ऑफर अवधि 15 सितंबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है, हालांकि कंपनी इसमें बदलाव कर सकती है। लाभ लेने के लिए पात्र डिवाइस खरीदने और उसे जियो नेटवर्क पर सक्रिय करने समेत निर्धारित शर्तों को पूरा करना होगा।
कंपनी की इस पेशकश का उद्देश्य कम कीमत वाले फीचर फोन के जरिए 2G उपयोगकर्ताओं को 4G नेटवर्क और उससे जुड़ी इंटरनेट, मनोरंजन तथा डिजिटल भुगतान सुविधाओं से जोड़ना है। छह महीने के कनेक्टिविटी लाभ के कारण ग्राहक को शुरुआती अवधि में अलग से रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बशर्ते वह ऑफर की पात्रता और अन्य शर्तों को पूरा करता हो।