बिहार के 31 जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट, तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

  • Post By Admin on Apr 22 2025
बिहार के 31 जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट, तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

पटना : मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 31 जिलों के लिए हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 23 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। इससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर महसूस किया जाएगा।

राजधानी पटना के साथ-साथ खगड़िया, गोपालगंज, सिवान, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली और सारण सहित कुल 31 जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, धूप में बाहर न निकलने, शरीर को हाइड्रेट रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है, इसलिए विशेष सतर्कता जरूरी है।

हालांकि, कुछ जिलों में राहत की खबर है। सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, अररिया और किशनगंज में मौसम सामान्य बना रहेगा और तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। गर्मी के इस प्रकोप को देखते हुए लोगों को खास एहतियात बरतने की जरूरत है, ताकि लू के खतरों से बचा जा सके।