26 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

  • Post By Admin on Apr 23 2025
26 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

पटना : बिहार में उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, 26 अप्रैल से राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। खासकर उत्तर बिहार के सात जिलों में गरज-तड़क के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे इन इलाकों में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

हालांकि इससे पहले अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में लू जैसे हालात बने रहेंगे। मौसम विभाग ने पटना, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद और गया में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गर्म दिन के साथ ही लू चलने की चेतावनी दी गई है। विशेष रूप से बक्सर, भभुआ, रोहतास और औरंगाबाद में रातें भी गर्म रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। 25 अप्रैल तक अलग-अलग क्षेत्रों में लू के हालात बने रहेंगे। इसके बाद 26 अप्रैल से पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, शिवहर, सुपौल, अररिया और किशनगंज में हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे इन क्षेत्रों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

इस बीच मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम तापमान है। गया 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। दक्षिण बिहार के जिलों में लगातार तापमान बढ़ने से लोग गर्मी से बेहाल हैं।

विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में राज्य का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। पटना में बीते पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 11 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है, जो आने वाले दिनों में और भीषण गर्मी की चेतावनी दे रहा है।

लिहाजा, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और प्रशासन ने लोगों से दिन के समय अनावश्यक घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है।