लोंजो घाटी में पलटी नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहे सीआरपीएफ जवानों की वाहन, 8 घायल

  • Post By Admin on Feb 13 2025
लोंजो घाटी में पलटी नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहे सीआरपीएफ जवानों की वाहन, 8 घायल

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के लोंजो घाटी में बुधवार दोपहर को एक दर्दनाक दुर्घटना घटित हुई, जिसमें सीआरपीएफ जवानों से भरी एक मैक्स पिकअप वाहन पलट गई। यह वाहन सीआरपीएफ 60 बटालियन के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान (एलआरपी) से वापस ला रही थी। इस दुर्घटना में 8 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

सभी घायल जवानों को तत्काल चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, कुछ अन्य घायल जवानों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी चल रहा है। घायल जवानों में श्वेत बिरुवा, आरसी दास, निरंजन बिनजोग, आर हेंब्रम, सारण गणेश और एके टोप्पो समेत अन्य शामिल हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ 60 बटालियन के कमांडेंट अंबुज मुथल ने रेलवे अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का हालचाल जाना और इस दुर्घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से घायल जवानों की बेहतर देखभाल की अपील की।

वहीं, घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के अनुसार, पिकअप वाहन असंतुलित होकर पलट गई, लेकिन दुर्घटना की सटीक वजह का निर्धारण फिलहाल जांच के बाद किया जाएगा।