लखीसराय : ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते प्रभाव और पर्यावरण असंतुलन से निपटने के लिए वृक्षारोपण अभियान को गति देना अनिवार्य है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में मई और जून के महीनों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे एसी और कूलर भी बेअसर हो जाएंगे। ऐसे में घरों के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि वृक्षों की मौजूदगी से तापमान में 5 डिग्री तक कमी आ सकती है। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से राम बिलास शांडिल्य ने 2008 में पटना के राजेंद्र नगर में पर्यावरण भारती की स्थापना की। संस्था ने अब तक बिना सरकारी सहयोग के 983 पेड़ लगाए हैं। इनमें देव वृक्ष (पीपल, बरगद, गूलर, पाकड़), फलदार वृक्ष (आम, जामून, कटहल, आँवला आदि), औषधीय वृक्ष (अर्जुन, नीम, कचनार) और फूलों के पौधे (गुलमोहर, चंपा, चमेली) शामिल हैं। राजेंद्र नगर के शाखा मैदान परिसर में 83 प्रकार के वृक्ष लगाए गए हैं और इसे वृक्ष संग्रहालय के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। पर्यावरणविदों के अनुसार, धरती पर 33% जंगल होना चाहिए, लेकिन यह केवल 15% ही बचा है। स्वार्थी मानवीय गतिविधियों के कारण यह संकट गहरा रहा है। ग्लोबल वार्मिंग से परेशान मानवता को बचाने के लिए वृक्षारोपण अभियान को जन-आंदोलन बनाना होगा। जिले के नागरिकों और युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
ग्लोबल वार्मिंग से बचाव के लिए वृक्षारोपण आवश्यक




















