राष्ट्रपति के आगमन हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

  • Post By Admin on Feb 13 2025
राष्ट्रपति के आगमन हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल, 14 फरवरी को रांची पहुंच रही हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट से लेकर बीआईटी मेसरा कैंपस तक 3,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिसमें रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), झारखंड पुलिस के जैप (जेएपी), इंडो-तिब्बतियन बॉर्डर पुलिस (आईआरबी), सीआरपीएफ और जिला बल शामिल होंगे। इसके अलावा, दस आईपीएस अधिकारियों, डीएसपी और थानेदारों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।

राष्ट्रपति के काफिले के मार्गों पर हर 200 मीटर की दूरी पर पुलिस जवानों को तैनात किया जाएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक की निगरानी की जा सके। राष्ट्रपति के रांची आगमन के दौरान, 14 और 15 फरवरी को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। 14 फरवरी को राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से हरमू बाइपास होते हुए राजभवन पहुंचेगा। काफिले के रास्ते में ट्रैफिक एक घंटे पहले रोक दिया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। जैसे ही काफिला आगे बढ़ेगा, ट्रैफिक को धीरे-धीरे खोला जाएगा।