बंगाल की खाड़ी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 8-9 दिसंबर को झारखंड में बारिश की संभावना
- Post By Admin on Dec 07 2024

रांची : मौसम केंद्र के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। जिसका असर झारखंड राज्य पर 8 और 9 दिसंबर को देखने को मिल सकता है। इसके कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर झारखंड में होगा। 8 दिसंबर को राज्य के 10 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 9 दिसंबर को गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
8 दिसंबर को राज्य के जिन 10 जिलों में बारिश हो सकती है। उनमें राँची, हजारीबाग, बोकारो, चतरा, धनबाद, गोड्डा, देवघर, दुमका, पाकुड़ और साहेबगंज शामिल हैं। 9 दिसंबर को गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों में बारिश की संभावना कम रहेगी। जबकि बाकी सभी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और मौसम में हल्का बदलाव भी देखने को मिलेगा। हालांकि, बारिश की तीव्रता बहुत अधिक नहीं होगी, फिर भी किसानों और अन्य बाहरी गतिविधियों से जुड़े लोगों को हल्की बारिश के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ झारखंड में 2 दिनों तक बना रहेगा और इसके बाद राज्य में मौसम साफ हो सकता है।