बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के खबड़ा स्थित शाखा का मनाया गया तीसरा स्थापना दिवस

  • Post By Admin on Sep 07 2025
बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के खबड़ा स्थित शाखा का मनाया गया तीसरा स्थापना दिवस

मुजफ्फरपुर : खबड़ा शाखा का तीसरा स्थापना दिवस एवं मासिक बैठक शाखा के सक्रिय सदस्य रणजीत कुमार मिश्रा के आवास पर आयोजित हुई। इस मौके पर शाखा अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद सिंह ने किया। बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और क्रीडो पाठ से की गई। पितृपक्ष के प्रथम दिन शाखा के तीन दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद उपाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद सिंह ने पिछली बैठक का विवरण प्रस्तुत किया और शाखा की तीन वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अब तक शाखा द्वारा वीर नारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, 20 से अधिक समाजसेवियों, शहीद पूर्व वायु सैनिक के परिजनों और विकलांग पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जा चुका है। शाखा ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए SOP तैयार किया है और उसी के आधार पर संचालन कर रही है। हाल ही में शाखा का बैंक खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, छाता चौक में खोला गया है। लेखा-जोखा का पूरा ब्यौरा कोषाध्यक्ष धीरज रंजन ने प्रस्तुत किया।

अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि शाखा ने अल्प समय में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है। वहीं, विशिष्ट अतिथि राम प्रवेश सिंह ने शाखा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इसका गठन उस समय हुआ जब जिला संघ को इसकी सख्त जरूरत थी। उन्होंने सभी सदस्यों को संगठित होकर शाखा को और ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित सदस्यों में प्रमुख रूप से राम प्रवेश सिंह, अरविंद कुमार, रघुनाथ प्रसाद सिंह, धीरज रंजन, कुंदन कुमार, रणजीत कुमार मिश्रा, हेमंत जी, अशोक कुमार श्रीवास्तव, राजेंद्र ठाकुर, सकलदीप राय, विजय कुमार, बीरेंद्र कुमार सिंह, नित्यानंद मिश्रा, अजय कुमार मिश्रा, शंभू ठाकुर, बीरेंद्र जी, पंकज जी समेत बड़ी संख्या में सदस्य शामिल रहे।