क्यूल जंक्शन सड़क मरम्मत कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, जर्जर मार्ग और टेढ़े नाला निर्माण पर जताई नाराजगी

  • Post By Admin on Aug 04 2026
क्यूल जंक्शन सड़क मरम्मत कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, जर्जर मार्ग और टेढ़े नाला निर्माण पर जताई नाराजगी

लखीसराय : जिले में क्यूल जंक्शन के उत्तर और दक्षिण भाग को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत कार्य को लेकर जिला प्रशासन ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर मरम्मत कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, नाला निर्माण कार्य और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए उन्होंने 29 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव, बिहार को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया था। मुख्य सचिव के हस्तक्षेप के बाद रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अपने अभियंताओं को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया, जिसके बाद संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेलवे के सहायक अभियंता राजेश कुमार, सेक्शन इंजीनियर तथा केंद्रीय विद्यालय, क्यूल के प्राचार्य एच. एस. मीणा भी मौजूद रहे। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि स्कूल के छात्र-छात्राओं के वाहन प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं और सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान क्यूल स्टेशन के समीप पथ निर्माण विभाग (RCD) द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि नाले का निर्माण कई स्थानों पर टेढ़ा-मेढ़ा और असमान तरीके से किया जा रहा है। अभियंताओं ने बताया कि एक ओर विद्युत पोल और दूसरी ओर रेलवे की भूमि होने के कारण तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इस समस्या की जानकारी पहले दी जाती तो रेलवे और ऊर्जा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर समाधान निकाला जा सकता था। उन्होंने निर्देश दिया कि रेलवे, पथ निर्माण विभाग (RCD), ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) तथा ऊर्जा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए और उसे उच्च स्तर पर भेजा जाए।

निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि रेलवे अपने पुराने नाले के स्थान पर पथ निर्माण विभाग द्वारा निर्मित नाले का उपयोग करने की संभावना पर विचार कर रहा है। वहीं, सड़क चौड़ीकरण के लिए विद्युत पोलों को रेलवे क्षेत्र की ओर स्थानांतरित करने के विकल्प पर भी चर्चा हुई। हालांकि संबंधित सड़क ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) के अधीन है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के कनीय अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।