संजय सेठ को धमकी देने वाला अपराधी कई संगठनों से जुड़ा हो सकता है
- Post By Admin on Dec 09 2024

रांची : कांके रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ को धमकी देने और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले अपराधी के बारे में जानकारी सामने आई है। जांच में पता चला है कि रंगदारी का मैसेज भेजने वाला व्यक्ति रांची के कांके थाना क्षेत्र के होचर गांव का 23 वर्षीय मोहम्मद मोईज है जो नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और फिलहाल बेरोजगार है। घटना के बाद से वह फरार है।
संजय सेठ को शुक्रवार को रंगदारी का मैसेज मिला था जिसमें 50 लाख रुपये की मांग की गई थी। धमकी देने वाले ने कहा था कि अगर तीन दिनों के भीतर राशि नहीं दी गई तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। संजय सेठ उस वक्त दिल्ली में थे उन्होंने तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया। दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मोबाइल नंबर का ब्योरा लिया और पाया कि यह धमकी रांची के मोहम्मद मोईज ने भेजी थी।
इसके बाद दिल्ली पुलिस, झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। इस टीम ने शुक्रवार रात को मोईज के घर पर छापेमारी की हालांकि वह फरार था। पुलिस ने मोईज के भाई और सहयोगी को हिरासत में लिया है और उनसे मोईज के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मोईज के आपराधिक संबंधों और कई संगठनों से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है।