प्राइवेट नर्सिंग होम और हॉस्पिटल्स की मनमानी पर लगेगी लगाम
- Post By Admin on Dec 11 2024

रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के प्राइवेट नर्सिंग होम, हॉस्पिटल और डायग्नोस्टिक सेंटरों की मनमानी पर रोक लगाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। इसके लिए जल्द ही स्टेट लेवल पर एक नियामक संस्था का गठन किया जाएगा।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि यह नियामक संस्था आम नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े अधिकारों की रक्षा करेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की सख्त निगरानी करेगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि गरीब मरीजों को अब इलाज के अभाव में अपनी जान गंवानी नहीं पड़ेगी।
डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मसलों पर गंभीर है। प्राइवेट संस्थाओं की मनमानी और मरीजों के साथ होने वाले अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस नियामक संस्था के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक पारदर्शी और किफायती बनाया जाएगा।
नियामक संस्था के गठन से न केवल प्राइवेट नर्सिंग होम और हॉस्पिटल्स पर नियंत्रण होगा बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने में मदद मिलेगी।