मांड्या : कर्नाटक के मांड्या जिले में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुए पथराव और हिंसक झड़पों के बाद मंगलवार को हालात तनावपूर्ण बने रहे। घटना के विरोध में भाजपा ने मद्दुर तालुका में सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक ‘बंद’ का आह्वान किया, जिसे जनता दल (सेक्युलर) का भी समर्थन मिला। बंद का असर सुबह से ही दिखा और शहर की मुख्य सड़कें सुनसान हो गईं।

बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष इंद्रेश ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों से सहयोग की अपील की थी। वहीं, पूर्व विधायक डीसी थम्मन्ना ने भी लोगों से शांति बनाए रखते हुए बंद में भाग लेने का अनुरोध किया। इसके चलते मद्दुर शहर लगभग ठप नजर आया। आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर बाकी बाजार और प्रतिष्ठान बंद रहे।

पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। मस्जिदों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस का कड़ा पहरा है। बता दें कि इस घटना में छह लोग घायल हुए थे और पुलिस ने अब तक 21 लोगों को हिरासत में लिया है।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। केंद्रीय उद्योग और इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं जिनसे हिंदू समुदाय आहत हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की नीतियों ने ही इस तरह की स्थितियां पैदा की हैं।

इधर, मैसूर में हिंदू संगठनों की ओर से प्रस्तावित ‘चामुंडी चलो’ अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। चामुंडी हिल्स जाने वाले सभी मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है। सांगोली रायन्ना सर्कल में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। डीसीपी बिंदु मणि ने मौके का दौरा किया और चेतावनी दी कि यदि प्रदर्शनकारी कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें तुरंत हिरासत में लिया जाएगा।