शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा रहा मुहर्रम पर्व, जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद
- Post By Admin on Jul 29 2023

कैमूर: सम्पूर्ण जिले में शांति एवं सौहाद्रपूर्ण वातावरण में मुहर्रम पर्व मनाई जा रही है। मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद है। किसी भी परिस्थिति से निपटने हेतु तेज-तर्रार अधिकारियों से युक्त क्विक रिस्पांस टीम पूरी तरह से तैयार है।
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर पैनी नजर रखी जा रही है। अफवाहों को बल देने वालों पर नजर रखी जा रही है और पकड़े जाने पर वो सलाखों के पीछे होंगे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक स्वयं पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं एवं विधि व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सुबह से ही वरीय अधिकारी शहर सहित जिले के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों का जायजा ले रहे हैं। विधि व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से मिलकर फीडबैक ले रहे हैं। जिला नियंत्रण कक्ष से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जिला नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद है। किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06189-222080 पर संपर्क कर सकते हैं।