छात्रों के लिए मददगार पहल, आरएमएलएस कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर का प्राथमिक चरण संपन्न
- Post By Admin on Aug 25 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार की सात निश्चय योजना भाग-3 के तहत शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का प्राथमिक चरण मंगलवार को संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने विद्यार्थी सहयोग शिविर को छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल महाविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में बिहार सरकार के नोडल पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी संजीव कुमार ने विद्यार्थी सहयोग शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को योजना की जानकारी प्राप्त करने और इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश ने किया। शिविर में महाविद्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं और आवश्यकताओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का अगला आयोजन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आगामी शिविर में भी अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।