मस्जिद पर बुलडोजर ऐक्शन के बाद यूपी में सियासी बवाल, सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट
- Post By Admin on Sep 05 2026
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद मस्जिद पर प्रशासनिक बुलडोजर चलने के बाद पश्चिमी यूपी का सियासी पारा चढ़ गया है। कोर्ट से मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज होने के तुरंत बाद प्रशासन ने शुक्रवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। इस बीच मौके का जायजा लेने जा रहीं कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को पुलिस ने उनके आवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया, जिस पर विपक्षी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
कलेक्ट्रेट परिसर में बनी इस मस्जिद को लेकर लंबे समय से विवाद जारी था। पिछले महीने सिटी मजिस्ट्रेट ने ढांचे को अवैध करार देते हुए इसे गिराने के आदेश दिए थे। हालांकि, मुस्लिम पक्ष ने इस फैसले को जिला एवं सत्र न्यायालय में चुनौती दी थी, जहां से शुरुआत में कार्रवाई पर रोक लगा दी गई थी। शुक्रवार को अदालत ने मुस्लिम पक्ष की याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही कैराना सांसद इकरा हसन ने शनिवार सुबह सहारनपुर पहुंचकर अधिकारियों से बातचीत और स्थिति का जायजा लेने का कार्यक्रम बनाया था। हालांकि, उनके निकलने से पहले ही भारी पुलिस बल ने उनके आवास को घेर लिया।इकरा हसन ने पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा, "मैं जनप्रतिनिधि होने के नाते केवल जनता की बात रखने और अधिकारियों से वस्तुस्थिति समझने सहारनपुर जा रही थी। बिना किसी कानूनी आधार के मुझे घर में कैद कर दिया गया। मैंने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो।"
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी प्रशासनिक कार्रवाई और इकरा हसन को रोके जाने की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित सांसद को अपने क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील मुद्दों पर अधिकारियों से मिलने का पूरा संवैधानिक अधिकार है। मसूद ने आरोप लगाया कि प्रशासन हालात को नियंत्रित और शांत करने के बजाय इस तरह के कदमों से माहौल को और तनावपूर्ण बना रहा है।