बरौनी रिफाइनरी में तेजी से चल रही है वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी की तैयारी
- Post By Admin on Feb 14 2023

बेगूसराय: इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी ना केवल पेट्रोलियम जरूरत को पूरा कर रही है। बल्कि, पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के लिए भी लगातार कार्यक्रम आयोजित करते रहती है। इसी कड़ी में एक बार फिर बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप में दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी की तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है। बरौनी रिफाइनरी में इस 23वें वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ 17 फरवरी को तथा समापन 18 फरवरी की शाम होगा। प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए अन्य तैयारी भी की जा रही है। दो दिन तक चलने वाले इस प्रदर्शनी में सिर्फ बरौनी रिफाइनरी के अधिकारी और कर्मचारी ही नहीं, बल्कि आम लोग भी फूल सहित हजारों प्रकार के प्राकृतिक सौन्दर्य देखकर लाभान्वित होंगे। अपने आवास को भी प्रकृति के इस अनमोल उपहार से खूबसूरत बनाने की कोशिश करेंगे।
रिफाइनरी टाउनशिप नर्सरी में आयोजित यह पुष्प प्रदर्शनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पर्यावरण सिंबल को दर्शाता है। इसके माध्यम से इंडियन ऑयल संदेश देता है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हम जागरूक हैं, उसे बढ़ावा दे रहे हैं। रिफाइनरी वासी के अलावा पर्यावरण मित्र एवं पर्यावरण सखी भी प्रदर्शनी की तैयारी जोर-शोर से कर रहे हैं। वह अपने खुद के अलावा आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। यह वार्षिक प्रदर्शनी संदेश देगा कि हम सब पर्यावरण के प्रति जागरूक हैं। हमारा भविष्य पर्यावरण के बगैर असुरक्षित हैं। कोई भी फूल नकारात्मक ऊर्जा को सकारात्मक ऊर्जा में बदलने के लिए सक्षम है।