अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Apr 30 2025
अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

पटना : अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा राजेन्द्र नगर, पटना में फलदार वृक्ष आँवला और औषधीय वृक्ष करंज का पौधारोपण किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व पटना महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय ने किया, जबकि बाढ़ जिला संयोजक सुरेंद्र कुमार सिन्हा ने इस कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया।

संस्कृत भारती के विस्तारक अंकुश कुमार ने जलवायु परिवर्तन के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति माता जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि विकसित मानव समाज ने ही विज्ञान की चकाचौंध में प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन किया। उन्होंने बताया कि अत्यधिक वृक्षों की कटाई के कारण भूगर्भीय जल स्तर औसतन 15 फीट नीचे गिर चुका है और ग्लोबल वार्मिंग के कारण जन जीवन प्रभावित हो रहा है।

पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण पाँच 'ज' से बना है – जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन। उन्होंने जोर दिया कि यदि जल, जंगल और जानवर नहीं बचेंगे, तो मानव जीवन भी संकट में पड़ेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे जल बचाएं, प्लास्टिक का प्रयोग कम करें, पेड़ लगाएं और वन्यजीवों का संरक्षण करें, ताकि मानव जीवन सुरक्षित रह सके।

राम बिलास शाण्डिल्य ने यह भी बताया कि 28 अप्रैल 1989 को पहली बार अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस मनाया गया था। यह दिन उन श्रमिकों को समर्पित है जो काम करते हुए मारे गए, विकलांग हुए या घायल हुए। 2025 का थीम "हमारे जीवन के लिए लड़ो, अभी सुरक्षित नौकरियाँ मिले" है। उन्होंने कहा कि इस दिन को मनाने का उद्देश्य श्रमिकों के कार्यस्थल पर स्वास्थ्य और सुरक्षा के महत्व को उजागर करना है।

इस कार्यक्रम में हिमालय, सुरेंद्र कुमार सिन्हा, अंकुश कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, क्रिकेट प्रशिक्षक संतोष कुमार, प्रणव कुमार, अरुण कुमार, कुलदीप कुमार, उज्जवल कुमार, श्याम किशोर राय, विपिन समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।