पद्मश्री हास्य कवि डॉ. सुरेंद्र दुबे का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
- Post By Admin on Jun 27 2025

रायपुर : देश-विदेश में अपनी हास्य और व्यंग्य कविताओं से लाखों श्रोताओं को गुदगुदाने वाले सुप्रसिद्ध कवि और पद्मश्री सम्मानित डॉ. सुरेंद्र दुबे का आज हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से साहित्यिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर फैल गई है। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक पहचान के प्रमुख स्तंभ माने जाने वाले डॉ. दुबे का अंतिम संस्कार आज रायपुर के मारवाड़ी श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
डॉ. दुबे के अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास अशोका प्लैटिनम में सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। मशहूर कवि कुमार विश्वास सहित प्रदेश के कई प्रमुख राजनेता – सांसद बृजमोहन अग्रवाल, गृहमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
डॉ. सुरेंद्र दुबे न केवल एक जनप्रिय कवि थे, बल्कि मंचीय कविता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय पहचान भी थे। टीवी चैनलों पर अपनी उपस्थिति से उन्होंने हास्य कविता को घर-घर तक पहुंचाया। उनके निधन को साहित्य जगत एक अपूरणीय क्षति के रूप में देख रहा है।
छत्तीसगढ़ के 'हास्य के सम्राट' कहे जाने वाले डॉ. दुबे की कमी लंबे समय तक महसूस की जाती रहेगी।