एक्शन मोड में लखीसराय डीएम: अस्पतालों और छठ घाटों का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

  • Post By Admin on Oct 28 2026
एक्शन मोड में लखीसराय डीएम: अस्पतालों और छठ घाटों का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने जिले में जनसुविधा एवं विकास योजनाओं की धरातलीय स्थिति जानने के लिए विभिन्न क्षेत्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परिया पोखर एवं अष्टघटी छठ घाट पहुंचकर छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

घाटों के निरीक्षण के बाद डीएम ने रामपुर रोड क्रॉसिंग का जायजा लिया तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एनएच अधिकारियों को फोन पर साइन बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और एनएच-80 पर यातायात संकेतक बोर्ड स्थापित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सुरजीचक हरूहर नदी पुल के पास बन रहे टोल प्लाजा, वे-ब्रिज निर्माण स्थल तथा रामपुर-बड़हिया मार्ग पर शेष बचे चार स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि किसी भी विवाद की स्थिति में बड़हिया एसडीएम के साथ समन्वय बनाकर काम को बिना रुकावट पूरा कराएं।

दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने बड़हिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण भी किया, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। मरीजों ने इलाज पर संतोष जताया, लेकिन एक मरीज द्वारा बेडशीट गंदी होने की शिकायत पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के समय प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (बीएचएम) अनुपस्थित पाए गए, जिस पर डीएम ने उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसके अलावा डीएम ने अस्पताल में जल्द अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू करने, ऑक्सीजन का पर्याप्त स्टॉक रखने और मरीजों की आभा आईडी बनाने में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।