लखीसराय में स्वरोजगार को मिलेगी रफ्तार, पीएम विश्वकर्मा और उद्यमी योजनाओं की प्रगति पर डीएम सख्त
- Post By Admin on Oct 28 2026
लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उद्यमियों से जुड़े मामलों को लेकर एक अहम जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, बिहार लघु उद्यमी योजना, बिहार स्टार्टअप योजना तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से PMFME योजना के तहत लंबित सभी आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने और पात्र लाभुकों के ऋण की स्वीकृति तथा वितरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश बैंक प्रतिनिधियों को दिया। इसके साथ ही PMEGP के आवेदनों पर भी समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पात्र आवेदकों को स्वरोजगार व नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने हेतु तत्परता से ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और बिहार लघु उद्यमी योजना के लाभार्थियों को तय नियमों के मुताबिक वित्तीय सहायता एवं तकनीकी सहयोग देने के निर्देश जारी किए गए। नवाचार और नए उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए बिहार स्टार्टअप योजना तथा पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों के उत्थान हेतु प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण, टूलकिट प्रोत्साहन और ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बैंकों तथा जिला उद्योग केंद्र के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए ताकि किसी भी स्तर पर लंबित आवेदनों का नियमानुसार त्वरित समाधान हो सके और पात्र लाभुकों को बिना किसी अनावश्यक देरी के योजनाओं का सीधा लाभ मिले। इस उच्चस्तरीय बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री रूपेश कुमार झा, बैंकिंग शाखा के प्रभारी पदाधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।