राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह 2026 के लिए प्रतिभागियों का दल रवाना, डीएम ने दिखाई हरी झंडी
- Post By Admin on Oct 28 2026
लखीसराय : आगामी 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में लखीसराय जिले के चयनित प्रतिभागी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इस राष्ट्रीय आयोजन में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों के दल को आज 28 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से रवाना किया।
गांधी मैदान लखीसराय से बुधवार सुबह करीब नौ बजे यह दल विशेष बस के जरिए पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन, पटना के लिए रवाना हुआ। वहां से यह दल बिहार राज्य के नोडल पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष वातानुकूलित ट्रेन द्वारा सीधे गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा। शिक्षा विभाग के स्थापना जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के नोडल पदाधिकारी के मार्गदर्शन में इस पूरे दल की यात्रा का संचालन किया जा रहा है।
रवानगी के दौरान प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए जिलाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की संप्रभुता, अखंडता और एकता के प्रति हमारे साझा संकल्प को नई ऊर्जा देने का पावन अवसर है। उन्होंने जिले के युवाओं से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय मंच पर अनुशासन और पूरे उत्साह के साथ भाग लें तथा वहां से सीखे गए मूल्यों और अनुभवों को वापस लौटकर जिले के अन्य युवाओं के साथ साझा करें।
केवड़िया में आयोजित होने वाले इस विराट आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों का समागम होगा, जिसका प्रमुख उद्देश्य संपूर्ण देश में देशभक्ति, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को और प्रगाढ़ करना है। इस विदाई कार्यक्रम के अवसर पर अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री शशिकांत आर्य, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह सहित जिले के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।