पटना : महात्मा गांधी के भजन 'ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान' गाने पर उपजे विवाद ने बिहार के कला और साहित्य जगत में भारी रोष पैदा कर दिया है। पटना के बापू सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में लोक गायिका देवी को भजन गाने से रोकने, धमकी देने और माफी मांगने पर मजबूर किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की जा रही है। 'साझा संस्कृति साझी विरासत मंच' के संयोजक और 'सद्भावना मंच' के संयुक्त सचिव मोहम्मद इश्तेयाक ने इसे गांधी के विचारों की हत्या और धर्म के नाम पर उन्माद करार दिया। उन्होंने कहा, "महात्मा गांधी के लोकप्रिय भजन को गाने पर हुई इस घटना से कला और संस्कृति से जुड़े लोग स्तब्ध हैं।
यह घटना सृजनात्मक स्वतंत्रता का हनन है और समाज में बढ़ते सांप्रदायिक तत्वों के प्रभाव का चिंताजनक संकेत है।" भाजपा और संघ से जुड़े अतिवादी तत्वों ने कार्यक्रम के दौरान भजन में "अल्लाह" शब्द पर आपत्ति जताई और हंगामा किया। गायिका देवी को धमकी देकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर मजबूर किया गया। यह सब घटना उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में हुई।
इस घटना पर 88 से अधिक साहित्यकारों, रंगकर्मियों, कवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रसिद्ध कवि आलोकधन्वा, वरिष्ठ अभिनेत्री मोना झा, नाट्य निर्देशक तनवीर अख्तर और कवि अनिल अंशुमन सहित अन्य ने इसे कला जगत पर हमला बताया। वक्ताओं ने कहा कि सत्ता संरक्षित तत्व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबा रहे हैं। कलाकारों और साहित्यकारों ने नीतीश सरकार से मांग की है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि इस घटना से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है, जिसे रोकना जरूरी है। यह घटना न केवल गांधी विचारधारा पर हमला है, बल्कि सांप्रदायिक सौहार्द्र और सृजनात्मक स्वतंत्रता के लिए एक गंभीर चुनौती है। इस पर त्वरित और सख्त कार्यवाही होनी चाहिए।




















