ओरमांझी गोलीकांड : रांची पुलिस ने साजिशकर्ता सुजीत सिन्हा के गिरोह के अपराधी को किया गिरफ्तार

  • Post By Admin on Dec 05 2024
ओरमांझी गोलीकांड : रांची पुलिस ने साजिशकर्ता सुजीत सिन्हा के गिरोह के अपराधी को किया गिरफ्तार

रांची : रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में 22 नवंबर को हुई गोलीबारी की घटना के मुख्य साजिशकर्ता, जेल में बंद अपराधी सुजीत सिन्हा के गिरोह से जुड़े एक अन्य अपराधी को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी कांके थाना क्षेत्र निवासी जिशान शेख है। जिसका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

इस संबंध में रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को बिरसा जू के पास दो युवकों को गोली मारी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि यह घटना सुजीत सिन्हा के गिरोह द्वारा रची गई थी। जिसने रंगदारी की मांग को लेकर यह हमला किया था।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि जमीन कारोबारी संजीव जायसवाल से सुजीत सिन्हा और उसके गिरोह ने रंगदारी की मांग की थी लेकिन जब जायसवाल ने रंगदारी देने से इनकार कर दिया, तो गिरोह के अपराधियों ने उसे जान से मारने की साजिश की। इस दौरान जायसवाल के दो कर्मचारी, आजाद और जावेद अंसारी बीच में आ गए और उन्हें गोली लग गई।

पुलिस ने इस मामले में सुजीत सिन्हा और उसके गिरोह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और अब जिशान शेख को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले की जांच को तेज करते हुए अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी शुरू कर दिए हैं। एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है और जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।