एमवीआई ने की एंबुलेंस और शव वाहनों की पड़ताल, सेवा प्रदाता एजेंसी को त्रुटियां सुधारने का अल्टीमेटम
- Post By Admin on Oct 16 2026
मुजफ्फरपुर : स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) द्वारा एंबुलेंस और शव वाहनों की विशेष जांच की गई। इस जांच अभियान के तहत एमवीआई ने 13 एंबुलेंस और एक शव वाहन की बारीकी से पड़ताल की, जिसके बाद अब तक जांच किए गए वाहनों की कुल संख्या बढ़कर 21 एंबुलेंस और एक शव वाहन हो गई है।
कार्रवाई के दौरान चार एंबुलेंस और एक शव वाहन ऑफरोड पाए गए, जिस कारण उनकी तकनीकी व भौतिक जांच नहीं की जा सकी। जांच के दौरान वाहनों में फिटनेस, तकनीकी मानकों और आवश्यक उपकरणों से संबंधित जो भी खामियां पाई गईं, उन्हें एमवीआई ने अपनी जांच टिप्पणी में दर्ज कर लिया है।
निरीक्षण स्थल पर मौजूद एंबुलेंस सेवा प्रदाता एजेंसी 'जेन प्लस' के पदाधिकारियों को चिन्हित की गई तमाम त्रुटियों को अविलंब दूर करने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि वाहनों में मिली सभी कमियों को संकलित कर विस्तृत प्रतिवेदन राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार दंड अधिरोपित किया जा सके। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से स्वास्थ्य सेवा प्रदाता एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है।