अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर मुजफ्फरपुर में कलाकारों का सम्मान, सुनील कुमार को मिला गौरव
- Post By Admin on Oct 25 2026
मुजफ्फरपुर : अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस के अवसर पर कठपुतली कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए सुनील कुमार को सम्मानित किया गया। रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को नाई परिवार की ओर से मुजफ्फरपुर के दीवान रोड स्थित किरण श्री विवाह भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बिहार विधान पार्षद एवं बाल संरक्षण तथा महिला सशक्तीकरण समिति की अध्यक्ष उर्मिला ठाकुर ने सुनील कुमार को अंगवस्त्र और स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में कठपुतली कला के माध्यम से सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में कलाकारों की भूमिका पर चर्चा हुई। सम्मानित होने पर सुनील कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दिवस प्रत्येक वर्ष 25 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य चित्रकला, मूर्तिकला, संगीत, नृत्य, साहित्य और अन्य कला विधाओं से जुड़े कलाकारों के योगदान को सम्मान देना है।
सुनील कुमार के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस की शुरुआत वर्ष 2004 में कनाडाई चित्रकार क्रिस मैक्लूर ने की थी। यह दिवस प्रसिद्ध स्पेनिश चित्रकार पाब्लो पिकासो के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन विभिन्न देशों में कला प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से कलाकारों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया जाता है तथा स्थानीय कलाकारों को समर्थन देने पर जोर दिया जाता है।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी संजय ठाकुर, दीपक ठाकुर, कवि महेश ठाकुर ‘चकोर’, हरि नारायण ठाकुर, अनिल कुमार ठाकुर, अजय ठाकुर और राजमंगल ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुनील कुमार को सम्मानित किए जाने पर मुजफ्फरपुर शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार, वरिष्ठ पत्रकार कुमार कृष्ण, सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी, संरचना आर्ट थिएटर के सचिव सुधीर कुमार, प्रधानाध्यापक एवं रंगकर्मी बैजू कुमार तथा अरुण कुमार वर्मा ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से कलाकारों के योगदान को सम्मान देने और समाज में कला एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया