निर्वाचक सूची में 29 लाख 70 हजार से अधिक मतदाता हुए दर्ज
- Post By Admin on Jan 08 2025

दरभंगा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में मंगलवार को एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया। इस बैठक में निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी गई, जो 01 जनवरी 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर की गई थी।
निर्वाचक सूची का अद्यतन इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के क्रम में दावा-आपत्ति के निष्पादन के बाद तैयार की गई है। इसके अनुसार, दरभंगा जिले में कुल 29,70,641 मतदाता पंजीकृत हैं। जिनमें 15,44,628 पुरुष और 14,25,965 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके साथ ही 48 ट्रांसजेंडर मतदाता भी सूची में शामिल हैं।
इस बार लिंगानुपात 923 है, जो पूर्व में 901 था और 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 38,755 मतदाता पंजीकृत हैं। साथ ही, 28,670 मतदाता को मतदाता सूची से विलोपित किया गया है। जबकि 65,583 आवेदन परिवर्धन की स्थिति में हैं।
जिले में कुल 2944 मतदान केंद्र हैं और इन केंद्रों पर बीएलए (बूथ लेवल अधिकारी) की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। राजनीतिक दलों के द्वारा बीएलए की नियुक्ति की जा रही है। जिसमें भा.ज.पा. के 1539, जेडीयू के 1214, आरजेडी के 2894 और कांग्रेस के 2154 बीएलए की नियुक्ति की गई है। हालांकि, कांग्रेस के अलावा अन्य दलों से बीएलए की सूची प्राप्त नहीं हुई है और सभी दलों से बीएलए की नियुक्ति की अपेक्षा की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार द्वारा बीएलए की नियुक्ति से संबंधित एक नया पोर्टल विकसित किया जा रहा है। इस पोर्टल पर राजनीतिक दलों को यूजर आईडी प्रदान किए जाएंगे। जिसके माध्यम से वे बीएलए की सूची देख सकेंगे और नए बीएलए की नियुक्ति कर सकते हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रौशन ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं का नाम जोड़ने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
बैठक में अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, अपर समाहर्ता जिला अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार और उपनिदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद भी मौजूद रहे। राजनीतिक दलों की ओर से अशोक नायक, गोपाल मंडल, देवेंद्र कुमार झा, सत्य नारायण पासवान, गगन कुमार झा और धनंजय कुमार सिंह ने बैठक में भाग लिया।