नए साल से स्मार्ट बंगले में रहेंगे हेमंत सरकार के मंत्री, 70 करोड़ की लागत से हो रहा है तैयार
- Post By Admin on Dec 14 2024

रांची : हेमंत सरकार के मंत्री नए साल से स्मार्ट बंगले में रहेंगे। जो वर्तमान में राजधानी रांची के धुर्वा स्मार्ट सिटी कैंपस में बन रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इन आलीशान बंगलों का निर्माण अंतिम चरण में है और खरमास के बाद नए साल में मंत्रियों को इन बंगलों का आवंटन किया जाएगा।
करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे ये बंगले सुरक्षा, आधुनिक सुविधाओं और विशेष आराम के लिए डिजाइन किए गए हैं, ताकि मंत्रियों को यहां रहने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्रियों का नया आवासीय परिसर 9 एकड़ क्षेत्र में बन रहा है। जिसमें एक साथ सभी 11 मंत्रियों के लिए बंगले तैयार किए जा रहे हैं। इस विशाल परिसर में क्लब हाउस, बैडमिंटन कोर्ट, पुलिस बैरेक और बच्चों के खेलने के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। इससे मंत्रियों को न केवल एक उच्चस्तरीय आवास मिलेगा, बल्कि उनके परिवार के लिए भी आरामदायक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सरकार के केंद्रीय समन्वय समिति सदस्य विनोद पांडे ने कहा कि इस परिसर को मंत्री के कार्य और आराम दोनों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने 15 जनवरी तक इन बंगलों को विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया है। जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि नए साल की शुरुआत के साथ ही मंत्रियों को इन शानदार आवासों की सौगात मिल जाए।
ये 11 बंगले जुडको द्वारा तैयार किए जा रहे हैं और हर बंगला एक ही डिजाइन और क्षेत्रफल में है। प्रत्येक बंगले का क्षेत्रफल 16321 वर्ग फीट है। जिसमें लगभग 8000 वर्ग फीट में निर्माण कार्य हुआ है। प्रत्येक बंगले में दो मंज़िल हैं और इसमें आवासीय कार्यालय, प्रतीक्षालय, शौचालय, पैंट्री कक्ष और डाइनिंग हॉल शामिल हैं।
इन बंगलों में अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाएं भी दी गई हैं ताकि सभी आगंतुक पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। मुख्य द्वार पर सुरक्षा जांच के बाद ही बाहरी व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस सुरक्षा व्यवस्था को मंत्रियों और उनके परिवार की सुरक्षा के मद्देनज़र सख्ती से लागू किया जाएगा। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और फिनिशिंग का काम इस महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इन आलीशान बंगलों के तैयार होने के बाद मंत्रियों को इनकी सुसज्जित सुविधाओं का लाभ मिलेगा और यह नए साल का तोहफा बन जाएगा।