मणिपुर हिंसा पर सीएम ने मांगी माफी, शांति बहाल करने की अपील

  • Post By Admin on Dec 31 2024
मणिपुर हिंसा पर सीएम ने मांगी माफी, शांति बहाल करने की अपील

इंफाल : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने राज्य में पिछले साल हुई हिंसक घटनाओं पर गहरा खेद जताते हुए जनता से माफी मांगी है। हिंसा से निपटने के तरीके को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए सीएम ने इंफाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, "जो कुछ भी 3 मई से अब तक हुआ, उसके लिए मैं माफी मांगता हूं। यह साल राज्य के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा। कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया और हजारों लोग विस्थापित हुए।"

शांति की दिशा में प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 3-4 महीनों में राज्य में शांति बहाल करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2025 में मणिपुर पूरी तरह से शांति और सामान्य स्थिति में लौट आएगा। उन्होंने राज्य के सभी समुदायों से अपील की, "हमें बीती गलतियों को भुलाकर एक नई शुरुआत करनी चाहिए। एक शांतिपूर्ण और समृद्ध मणिपुर के लिए हमें एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।"

हिंसा का दायरा

मणिपुर में 3 मई, 2023 से बहुसंख्यक मैतेई और कुकी समुदायों के बीच आरक्षण और आर्थिक लाभ को लेकर हिंसा शुरू हुई थी। इस दौरान 200 से अधिक लोग मारे गए, हजारों लोग विस्थापित हुए और 12,247 एफआईआर दर्ज की गईं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 625 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 5,600 हथियारों के साथ 35,000 गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।

केंद्र सरकार की मदद

बीरेन सिंह ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विस्थापित परिवारों की मदद के लिए पर्याप्त धनराशि और सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार ने विस्थापितों के लिए नए घर बनाने की योजना भी शुरू की है।

मुख्यमंत्री की यह अपील ऐसे समय में आई है जब राज्य बीते वर्ष के संघर्षों और हिंसक घटनाओं से जूझ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाला समय सभी के लिए बेहतर होगा। मणिपुर में 2024 का साल उथल-पुथल भरा रहा। घाटी में मैतेई समुदाय और पर्वतीय क्षेत्रों में कुकी जनजातीय समुदायों के बीच टकराव 2024 में और गहरा गया जिससे व्यापक जनहानि, हिंसा, भीड़ के हमले और आम नागरिकों वाले क्षेत्रों में ड्रोन हमले हुए।