महाकुंभ 2025: पर्यावरण संरक्षण के लिए थाली-थैला दान की पहल
- Post By Admin on Dec 28 2024

पटना : पटना महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय के नेतृत्व में महाकुंभ 2025 को "हरित कुम्भ" बनाने के उद्देश्य से बीते शुक्रवार को थैला-थाली दान करने के लिए नागरिकों से अनुरोध किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के संयोजक रामबिलास शाण्डिल्य ने बताया कि प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में स्नान करने के लिए 75 देशों से लगभग 45 करोड़ श्रद्धालु आने वाले हैं।
यदि वे सभी भोजन और अल्पाहार पत्तल में करेंगे तो कचरों का पहाड़ हो जायेगा। इससे वायु , जल तथा मिट्टी प्रदूषित हो जायेगी। इसीलिए पर्यावरणविदों ने सोचा कि आखिर भारत दानवीरों का देश है, क्यूं न संपूर्ण भारत से एक करोड़ स्टील की थाली और कपड़े का थैला संग्रह कर महाकुंभ-2025 में उपयोग किया जाये तो "हरित कुम्भ" बन जायेगा। प्रयागराज में अब तक 4 लाख थाली पहुँच चुका है। इसलिए बिहार की राजधानी पटना महानगर से एक लाख थाली-थैला संग्रह करने का लक्ष्य लिया गया है। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की कि "जब भी कुम्भ को जाना है, गंदगी नहीं फैलाना है। कुम्भ स्नान करेंगे, साबुन नहीं लगायेंगे।
थाली-थैला साथ ले जाएंगे। थाली-थैला दान देकर प्रकृति को बचाना है, प्लास्टिक मुक्त हरित कुम्भ बनाना है।" इससे स्वच्छ कुम्भ, सुरक्षित कुम्भ एवं पवित्र कुम्भ बनेगा। ऐसा कहा भी गया है कि हमारा कचरा, हमारी जिम्मेदारी। भारत की सनातन परंपरा में तीर्थराज प्रयाग में कुम्भ स्नान हेतु गिरि, कन्दराओं, आश्रमों, मठों से बाहर निकल कर संत, महात्मा, साधू, महंथ सभी एकत्र होकर आध्यात्मिक उपदेश जन सामान्य को देते हैं। यही भारत की आत्मा है। तीर्थ राज प्रयाग का महाकुंभ-2025 संसार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी। महाकुंभ क्षेत्र में 25 घाटों पर गंगा प्रहरी और सफाईकर्मी 10,000 से अधिक तैनात होंगे। 1.5 लाख शौचालय, 25,000 कूड़ेदान की व्यवस्था से त्रिवेणी संगम को स्वच्छ रखी जायेगी।
40 लाख टन कचरे इकट्ठा होने का अनुमान है। साथ ही, सभी श्रद्धालु अपने स्थान से ही प्रयागराज महाकुंभ की धरती तथा गंगा मैया को प्रदूषित और अपवित्र नहीं करने का संकल्प लेकर जायें। साथ ही, उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को अपने साथ थाली-थैला रखना आवश्यक बताया। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के थैला-थैली जागरूकता अभियान में राम बिलास शाण्डिल्य, हिमालय, सुधांशु कुमार, हिमांशु कुमार, शालिनी सिंह, रागिनी पाठक, विष्णु, अंकित, रोहित, कार्तिक, योगेश कुमार, नीरज नयन आदि ने भाग लिया।