लाखौंचक में बच्चों के अधिकारों पर विधिक जागरूकता शिविर, बाल संरक्षण कानूनों की दी गई जानकारी

  • Post By Admin on Aug 04 2026
लाखौंचक में बच्चों के अधिकारों पर विधिक जागरूकता शिविर, बाल संरक्षण कानूनों की दी गई जानकारी

लखीसराय: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BALSA), पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DALSA), लखीसराय द्वारा चानन प्रखंड के लाखौंचक गांव में "बच्चों के प्रति मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं और उनके संरक्षण के लिए योजना-2024" विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों, उनके संरक्षण तथा बाल कानूनों के प्रति आमजन को जागरूक करना था।

यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखीसराय के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम एवं सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विधानंद सागर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता सितेश सुधांशु ने की, जबकि संचालन पराविधिक स्वयंसेवक मुकेश कुमार ने किया। शिविर को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता सितेश सुधांशु ने कहा कि यदि बच्चे कोई गलती करते हैं तो सबसे पहले उन्हें सही मार्ग पर लाने की जिम्मेदारी माता-पिता और अभिभावकों की होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करते हुए उनके व्यक्तित्व के विकास और सुधार का प्रयास किया जाना चाहिए। कानून भी बच्चों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर बल देता है और प्रत्येक मामले में परिस्थितियों एवं किए गए कृत्य के आधार पर ही कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि "लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012" तथा "किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015" पूरे देश में प्रभावी हैं। इन कानूनों के तहत बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ विधि-विरुद्ध कृत्यों के मामलों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई और दंड का प्रावधान किया गया है। शिविर के दौरान ग्रामीणों को बच्चों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा, कानूनी सहायता तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक अजय यादव, ग्रामीण राजेंद्र यादव, दशरथ यादव, राजनंदन यादव, चंद्रशेखर शर्मा, आनंद यादव, पारो यादव, मनसुख कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।