आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखण्ड कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान की शुरुआत
- Post By Admin on Jul 04 2024

मुजफ्फरपुर : जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने समाहरणालय सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखण्ड कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान का शुभारंभ किया। नीति आयोग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत 4 जुलाई 2024 से 30 सितंबर 2024 तक यह अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 06 सूचकांक को लक्षित कर शत-प्रतिशत परिपूर्णता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अभियान के तहत मुशहरी प्रखण्ड को आकांक्षी प्रखण्ड के रूप में चयनित किया गया है, जहां 6 प्रमुख सूचकांक को लक्षित कर आगामी तीन माह के भीतर शत-प्रतिशत परिपूर्णता हासिल करनी है। ये सूचकांक हैं:
प्रसव पूर्व देखभाल (ए.एन.सी.) के लिए पंजीकृत गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत। मधुमेह की जांच कराने वाले व्यक्तियों का प्रतिशत। उच्च रक्तचाप की जांच कराने वाले व्यक्तियों का प्रतिशत। पूरक पोषण लेने वाली गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत। मृदा स्वास्थ्य कार्डों का प्रतिशत। रिवाल्विंग फंड प्राप्त करने वाले स्वयं सहायता समूहों का प्रतिशत।
मुशहरी प्रखण्ड में इस अभियान का शुभारंभ 5 जुलाई को किया जाएगा और 6 जुलाई से प्रखण्ड के सभी पंचायतों में इस कार्यक्रम की शुरुआत होगी। अभियान को गति देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सी.डी.पी.ओ., चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक, और जीविका को शामिल कर तीन माह में शत-प्रतिशत परिपूर्णता हासिल की जाएगी।
आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत भी 6 सूचकांक को लक्षित कर 4 जुलाई से 30 सितंबर तक शत-प्रतिशत परिपूर्णता हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।
इन सूचकांक में शामिल हैं: प्रसव पूर्व देखभाल (ए.एन.सी.) के लिए पंजीकृत गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत। पूरक पोषण लेने वाली गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत। पूर्णतः प्रतिरक्षित बच्चों का प्रतिशत। मृदा स्वास्थ्य कार्डों की संख्या। माध्यमिक स्तर पर विद्युत सुविधा वाले विद्यालयों का प्रतिशत। बच्चों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने वाले विद्यालयों का प्रतिशत।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तर से लेकर प्रखण्ड और पंचायत स्तर तक सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। अभियान के प्रगति की साप्ताहिक और पाक्षिक समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार तेजी लाने के निर्देश दिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सिविल सर्जन द्वारा, आई.सी.डी.एस. के डी.पी.ओ. द्वारा सी.डी.पी.ओ. को संबद्ध कर, शिक्षा विभाग के कार्यों की जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा, और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लक्ष्य को जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा पूरा किया जाएगा। डी.पी.एम. जीविका द्वारा एस.एच.जी. से संबंधित कार्यों की शत-प्रतिशत परिपूर्णता हासिल की जाएगी।
संपूर्णता अभियान के जिला नोडल पदाधिकारी जिला योजना पदाधिकारी हैं, जबकि उप विकास आयुक्त और सहायक समाहर्ता आकांक्षी जिला और प्रखण्ड कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
बैठक में उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, सहायक समाहर्ता डॉ. आकांक्षा आनंद, नगर आयुक्त नवीन कुमार, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था सुधीर कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी नवीन कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।